महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का कहर दिन पर दिन लगातार तेजी से बढ़ रहा है। राज्य के पुणे जिले में पिछले कुछ हफ्तों में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी का कारण त्वरित एंटीजन जांच है। यह बात शनिवार को अधिकारियों ने कही। साथ ही मामलें में ठीक होने की दर भी 65 फीसदी तक चली गई है जबकि मृत्यु दर घटकर 2.65 रह गई है। जिले के स्वास्थ्य अधिकारी की तरफ से 17 जुलाई को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
रिपोर्ट के मुताबिक हैदराबाद और बेंगलुरू की तरह पुणे भी कोविड-19 के नये शहरी हॉटस्पॉट के तौर पर उभरा है। पुणे शहर में 17 जुलाई को 1705 लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद कोविड-19 के मामले 34,040 हो गए हैं। पुणे जिले में इस वायरस से मरने वालों की संख्या 917 है।
पुणे जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 46,283 है जबकि 15,308 मरीज अब भी अपना उपचार करा रहे हैं। 666 रोगियों की हालत गंभीर है और उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 30,283 है। नगर निकाय के अधिकारियों ने कहा कि रोगियों की संख्या में बढ़ोतरी का कारण रैपिड एंटीजन जांच है जो विभिन्न प्रयोगशालाओं में जारी है।
बताते चले कि महाराष्ट्र समेत पूरे देश में कोरोना का कहर जारी है। देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10,38,716 तक पहुंच गई है और 26,273 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 6,53,751 लोग ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



