आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस का विस्फोट जारी है। रविवार को राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के 10,000 से अधिक नए मामले सामने आए। हालांकि, राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या एक लाख से कम रह गई है। राज्य में रविवार सुबह नौ बजे तक 24 घंटे के दौरान संक्रमण के 10,794 नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमित लोगों की संख्या 4.98 लाख तक पहुंच गई।
ताजा बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 11,915 मरीजों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जबकि 70 मरीजों की इस घातक वायरस के कारण मौत हो गई। राज्य में अब तक 3.94 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 4,417 की मौत हो चुकी है। बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में फिलहाल 99,689 मरीज उपचाराधीन हैं। इसके मुताबिक, ठीक होने की दर सुधरकर 79.10 फीसदी रही।
अब तक राज्य में 41.07 लाख नमूनों की जांच की जा चुकी है। बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में सर्वाधिक प्रभावित जिले एसपीएस नेल्लोर में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 1,299 नए मामले सामने आए, जिसके बाद जिले में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 37,278 हो गई। हालांकि, जिले में 6,673 मरीज ही उपचाराधीन हैं। इसके अलावा, पूर्वी गोदावरी में 1,244 मामले, पश्चिमी गोदावरी में 1,101 और प्रकाशम में 1,042 नए मामले सामने आए।
बताते चले कि देशभर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमितों का आंकड़ा 41,13,811 तक पहुंच गया है और 70,626 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 31,80,865 लोग ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



