तमिलनाडु में कोरोना विस्फोट, 786 नए मामलों के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा पहुंचा 14,753

Summary :

देशभर में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है और तमिलनाडु भी उन राज्यों में से एक है जहां वायरस के संक्रमित मरीजों की रफ़्तार में बीते कुछ दिनों से जबरदस्त तेजी देखने को मिली है।

देशभर में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है और तमिलनाडु भी उन राज्यों में से एक है जहां वायरस के संक्रमित मरीजों की रफ़्तार में बीते कुछ दिनों से जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। तमिलनाडु में 786 और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए जिसके बाद राज्य में संक्रमण के कुल मामले 14,753 हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शुक्रवार को चार और लोगों की बीमारी से मौत हो गई। विभाग ने बताया कि इसी के साथ राज्य में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 98 हो गई है। 
राज्य में स्वस्थ होने वालों की दर में भी सुधार देखा गया और 846 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई। इसी के साथ इलाज के बाद स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 7,128 हो गई। वायरस की जांच में शुक्रवार को संक्रमित पाए गए लोगों में 92 लोग अन्य राज्य के थे और फिलीपीन से लौटा एक व्यक्ति शामिल था। 
विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, सबसे अधिक 569 मामले चेन्नई में थे जहां अब तक संक्रमण के कुल मामले 9,364 हो गए हैं। यह लगातार तीसरा दिन है जब राज्य में कोविड-19 के 700 से अधिक मामले सामने आए। राज्य में 20 और 21 मई को क्रमश: 743 और 776 मामले सामने आए थे। 

Ujjwal Jain