महाराष्ट्र की जेलों में कोरोना कहर, अबतक 774 मामले सामने आए, 4 की मौत

Summary :

जेल विभाग के अधिकारी ने कहा कि नागपुर केन्द्रीय कारागार में सबसे अधिक 219, मुंबई केन्द्रीय कारागार में 181, अकोला जेल में 72 और सोलापुर जेल में 62 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा, ” 596 कैदियों में से 351 कैदी जबकि 174 जेल कर्मियों में से 93 कर्मी ठीक हो चुके हैं।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का कहर दिन पर दिन लगातार तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच, राज्य की जेलों में कोरोना वायरस से तेजी से फैल रहा है। महाराष्ट्र की 14 जेलों में अब तक 600 कैदियों और 174 कर्मचारियों समेत कुल 774 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें से अधिकतर संक्रमण से उबर चुके हैं जबकि चार की मौत हो चुकी है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जेल विभाग के अधिकारी ने कहा कि नागपुर केन्द्रीय कारागार में सबसे अधिक 219, मुंबई केन्द्रीय कारागार में 181, अकोला जेल में 72 और सोलापुर जेल में 62 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा, ” 596 कैदियों में से 351 कैदी जबकि 174 जेल कर्मियों में से 93 कर्मी ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते चार कैदियों की मौत हो चुकी है।” अधिकारी ने कहा कि संयोग से, राज्य की सबसे अधिक कैदियों वाली पुणे की यरवदा जेल में अब तक कोविड-19 का एक ही मामला सामने आया है।
वहीं, राज्य के औरंगाबाद जिले में कोरोना वायरस के 194 और मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके बाद शनिवार को जिले में कोविड-19 के कुल मामले 8,143 पहुंच गए। एक अधिकारी ने बताया कि नए मरीजो में से 127 औरंगाबाद शहर से हैं। यह बीमारी जिले में 342 मरीजों की जान ले चुकी है जबकि 4,463 व्यक्ति ठीक हो गए हैं। अधिकारी ने बताया कि 3,303 मरीजों का इलाज चल रहा है।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का विस्फोट जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार संक्रमितों का आंकड़ा 8,20,916 तक पहुंच गया है और 22,123 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 5,15,386 लोग ठीक हो चुकी है।

Desk Team