देशभर में फैले कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिन प्रति दिन संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार को तमिलनाडु में कोरोना के 1,458 नए मामलों की पुष्टि हुई है। साथ ही 19 और लोगों की मौत होने के साथ राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 251 तक पहुंच गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शनिवार को कोविड-19 के 1,458 नये मामले सामने आए हैं, जिससे राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 30,152 हो गई है। विभाग ने बताया कि शनिवार लगातार सातवां दिन रहा, जब राज्य में कोविड-19 के एक हजार से अधिक नये मामले सामने आए हैं। शनिवार को हुईं सभी 19 मौत चेन्नई में दर्ज की गईं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक शनिवार को 633 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई। इसके साथ ही अबतक राज्य में 16,395 मरीज ठीक हो चुके हैं। बुलेटिन के मुताबिक शनिवार को सबसे अधिक 1,146 नये मामले सामने आए हैं, जिन्हें मिलाकर शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 20,993 हो गई है।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2,36,657 तक पहुंच गई है और कुल 6,642 लोगों की अब तक जान जा चुकी है। वहीं इस वायरस से अब तक कुल 1,14,079 लोग ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



