राजस्थान में कोरोना का प्रकोप जारी, पिछले 24 घंटे में 1,730 नए केस, 14 की मौत

Summary :

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात साढे आठ बजे तक के 24 घंटे में राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण से 14 और मरीजों की मौत हुई हैं। जिससे प्रदेश में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या अब बढ़कर 1,250 हो गयी है।

राजस्थान में कोरोना वायरस का कहर जारी है। संक्रमितों की संख्या दिन पर दिन लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,730 नए मामले सामने आए हैं और 14 की मौत हो गई है, जिसके बाद राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 1,250 तक पहुंच गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। 
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात साढे आठ बजे तक के 24 घंटे में राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण से 14 और मरीजों की मौत हुई हैं। जिससे प्रदेश में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या अब बढ़कर 1,250 हो गयी है।  उन्होंने बताया कि जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक 301, जोधपुर में 123, बीकानेर में 94,कोटा में 88, अजमेर में 87 व भरतपुर में 73 मौत हो चुकी हैं। 
इसके साथ ही संक्रमण के 1,730 नये मामले सामने आने से राज्य में इस घातक वायरस की चपेट में अबतक आने वाले लोगों की कुल संख्या 1,04,138 हो गयी जिनमें से 16,726 रोगी उपचाराधीन हैं।  अधिकारियों ने बताया कि नये मामलों में जयपुर के 345, जोधपुर के 245, कोटा के 146, अलवर के 129, अजमेर के 122, भीलवाड़ा के 83, बीकानेर के 66,उदयपुर के 56,नागौर के 49, पाली के 47, सीकर के 44 नये संक्रमित शामिल हैं। 
बताते चले कि देशभर में कोरोना का प्रकोप जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 48,46,427 तक पहुंच गई है और 79,722  लोग की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 37,80,107 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।

Desk Team