तमिलनाडु में रविवार को कोविड-19 के एक ही दिन में सबसे अधिक 4,979 नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमित लोगों का आंकड़ा 1.70 लाख के पार चला गया जबकि 78 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 2,481 हो गई।
स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में अब तक एक ही दिन में सर्वाधिक 52,993 कोविड नमूनों की जांच की गई, जिसके साथ ही अब तक कुल 19,32,492 नमूनों की जांच की जा चुकी है। ग्रेटर चेन्नई निगम के आयुक्त जी प्रकाश ने कहा कि यह देश का ऐसा पहला नगर निकाय है, जिसने पांच लाख आरटी-पीसीआर परीक्षण किए हैं।
उन्होंने कहा कि मार्च से लेकर 18 जुलाई तक पांच लाख नमूनों की जांच की गई। साथ ही निगम क्षेत्र में प्रतिदिन जांच की संख्या बढ़ाकर 13,000 की गई है। तमिलनाडु में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 1,70,693 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 85,859 मामले राज्य की राजधानी में सामने आए।
इस बीच, स्वस्थ होने के बाद रविवार को 4,059 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई, जिसके साथ ही राज्य में अब तक 1,17,915 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। वर्तमान में 50,294 मरीज उपचाराधीन हैं।


Download Android App
Download iOS App



