मुंबई : निजी अस्पताल के एक चिकित्सक ने कहा कि दक्षिण मुंबई में ताज महल पैलेस के कम से कम छह कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। ताज श्रृंखला की संचालक इंडियन होटल्स कंपनी (आईएचसी) ने कहा था कि देश की वित्तीय राजधानी में उसके कुछ कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
कंपनी ने शहर में कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ मैदान में डटे स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्सकों को अपने होटल में रखा है। उसने अपने करीब 500 कर्मचारियों की जांच कराई थी। कंपनी ने संक्रमित व्यक्तियों की संख्या नहीं बताई लेकिन एक बयान में कहा कि उनमें से ज्यादातर में इस संक्रमण के कोई लक्षण नहीं थे।
कंपनी ने बताया कि उन कर्मियों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और उनके संपर्क में आए लोगों को पृथकवास में रखा गया है। बॉम्बे हॉस्पिटल में कंसल्टिंग फिजिशियन डॉ. गौतम भंसाली ने कहा, ‘‘ताज होटल के छह कर्मियों का बॉम्बे हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। वे कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे। उनकी हालत स्थिर है और उसमें सुधार हो रहा है।’’


Download Android App
Download iOS App



