महाराष्ट्र में कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शुक्रवार को राज्य में कोरोना के 1,008 नए मामले सामने आए हैं। बता दें, यह किसी एक दिन का सर्वाधिक स्तर है। 1008 नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11,506 तक पहुंच गई है। वहीं, कोरोना के चलते आज राज्य में कुल 26 और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद प्रदेश में मृतकों की संख्या बढ़कर 485 हो गई है।
वहीं, महाराष्ट्र में कोविड-19 के करीब 83 फीसदी मरीज ऐसे हैं, जिनमें बीमारी के लक्षण नहीं हैं और इनमें से 20 फीसदी स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बता दें, राज्य में संक्रमण के मामले दोगुने होने की औसत दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है। महाराष्ट्र के 36 में से 14 जिले रेड जोन में हैं, 16 ऑरेंज और छह जिले ग्रीन जोन में हैं।
बता दें, कोविड-19 से निपटने के लिए संपूर्ण देश में लॉकडाउन का दूसरा चरण जारी है और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंत्रियों के साथ बैठक के बाद गृह मंत्रालय ने 14 दिनों के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया है। ये लॉकडाउन की अवधि 3 मई के बाद से लागू होगी जो 17 मई तक जारी रहेगी।
बताते चले कि देशभर में अबतक 35, 365 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं और 1,152 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, 9,065 लोग इस वायरस से ठीक हो कर अपने घर लौट चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



