महाराष्ट्र में कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों और आगामी त्योहारों के मद्देनजर प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। इसी चरण में नागपुर में कोविड-19 के मामले बढ़ने के बीच सार्वजनिक और निजी स्थानों पर होली का जश्न मनाने तथा शब-ए-बारात जुलूस निकालने पर पाबंदी लगा दी गई है। राज्य सरकार ने नागपुर में पहले ही 31 मार्च तक सख्त पाबंदियां लगाई हुई हैं।
नागपुर नगर निगम के एक आदेश के अनुसार 28 और 29 मार्च को त्योहारों के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर पांच से अधिक लोगों को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिसूचना में कहा गया है कि निजी और सार्वजनिक स्थानों पर होली का जश्न मनाने तथा शब-ए-बारात जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कोरोना के बढ़ते कहर पर बोले अजीत पवार-2 अप्रैल तक देखेंगे हालात, पूरे महाराष्ट्र में लग सकता है लॉकडाउन
एनएमसी ने कहा कि 29 मार्च को सभी निजी प्रतिष्ठान, कार्यालय, दुकानें, बाजार और पुस्तकालय बंद रहेंगे। इसके अलावा 29 मार्च को किराना, सब्जी और मांस की दुकानें दोपहर एक बजे के बाद बंद करनी होगी। एक अधिकारी ने बताया कि नागपुर में एक दिन में कोविड-19 के 3,579 नए मामले आए और बृहस्पतिवार को 47 लोगों की मौत हुई।
उन्होंने बताया कि जिले में संक्रमण के मामले 2,07,067 पर पहुंच गए हैं जबकि मृतकों की संख्या बढ़कर 4,784 हो गई है। उन्होंने बताया कि संक्रमण से अभी तक 1,67,467 मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिले में अब भी 34,819 मरीज कोविड-19 का इलाज करा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



