त्रिपुरा के CM बिप्लब कुमार की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव, परिवार के 2 सदस्यों में संक्रमण की पुष्टि

Summary :

मुख्यमंत्री बिप्लब ने ट्वीट किया, “कोविड-19 की जांच में मेरे संक्रमित ना होने की पुष्टि हुई है। अगले सात दिन तक में पृथक-वास में रहूंगा और अन्य दिशा-निर्देशों का पालन करूंगा।”

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब की मंगलवार को कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है, हालांकि उनके परिवार के दो सदस्यों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। मुख्यमंत्री ने इस बात की जानकारी देते हुए खुद को सात दिनों के लिए पृथक करने का फैसला किया है। 
मुख्यमंत्री बिप्लब ने सोमवार देर रात ट्वीट किया, ‘‘ मेरे परिवार के दो सदस्यों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। कोई अन्य सदस्य संक्रमित नहीं है।’’ देब ने बताया कि दोनों संक्रमित सदस्य घर पर ही पृथक-वास में हैं। 
मुख्यमंत्री ने मंगलवार सुबह ट्वीट किया, ‘‘कोविड-19 की जांच में मेरे संक्रमित ना होने की पुष्टि हुई है। अगले सात दिन तक में पृथक-वास में रहूंगा और अन्य दिशा-निर्देशों का पालन करूंगा। मैं घर से ही काम करूंगा। मैं त्रिपुरा के लोगों का उनकी शुभकामनाओं और दुआओं के लिए शुक्रिया करता हूं। 
कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी और हम इसे एक साथ जीतेंगे।’’ सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास को रोगाणुमुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि देब के एक सुरक्षा कर्मी के कुछ दिन पहले संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।

Desk Team