वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। इस बीच पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 432 नए मामले सामने आए जिसके बाद देश में कुल संक्रमितों की तादाद 2,80,461 हो गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि इस अवधि में 15 मरीजों ने जानलेवा संक्रमण के कारण दम तोड़ा।
मंत्रालय ने एक बयान में बताया, “ पाकिस्तान में 432 नए मामले सामने आए हैं जिससे कुल मामलों की संख्या 2,80,461 हो गई है।“अबतक 2,49,397 लोग बीमारी से पूरी तरह से ठीक हो गए हैं जबकि 1,013 मरीजों की हालत नाजुक है। सिंध में 121,705 मामले, पंजाब में 93,336, खैबर-पख्तूनख्वा में 34,253, इस्लामाबाद में 15,095, बलोचिस्तान में 11,777, गिलगित-बाल्तिस्तान में 2,198 और पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर में 2,097 मामले दर्ज किए गए।
मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 10,690 नमूनों की जांच की गई और अब तक पूरे देश में 2,031,955 नमूनों की जांच की जा चुकी है। बता दें कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) के प्रकोप से विश्व में अबतक लगभग 1.82 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं, वहीं करीब 6.92 लाख लोगों की इसके संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



