महाराष्ट्र में कोरोना से बेकाबू होते हालात के मद्देनजर कई जगहों पर प्रतिबंध लागू किए गए हैं। राज्य में लॉकडाउन के बनते हालातों का असर मुंबई में साफ दिखाई दे रहा है। मध्य रेलवे ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) सहित उन छह रेलवे स्टेशनों पर ‘प्लेटफॉर्म टिकट’ तत्काल प्रभाव से बेचना बंद कर दिया है, जहां से लंबी दूरी की ट्रेनें चलती हैं।
मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता शिवाजी सुतार ने शुक्रवार को बताया कि मुंबई के सीएसएमटी के अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी), कल्याण, ठाणे, दादर और पनवेल स्टेशनों पर ‘प्लेटफॉर्म टिकट’ बेचना बंद कर दिया गया है। इन स्टेशनों से लंबी दूरी की ट्रेनें चलती हैं। उन्होंने बताया कि यह फैसला अनावश्यक भीड़ कम करने के लिए किया गया है।
शिवाजी सुतार ने कहा, ‘‘ गर्मियों में अनावश्यक भीड़ कम करने और सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला किया गया है।’’ इस महीने की शुरुआत में मध्य रेलवे ने कोविड-19 के मद्देनजर महाराष्ट्र के कुछ प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ को कम करने के लिए ‘प्लेटफॉर्म टिकट’ का दाम 10 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया था।


Download Android App
Download iOS App



