मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते असर के चलते 3 प्रमुख शहरों- भोपाल, इंदौर और जबलपुर में रविवार को लॉकडाउन किया गया है। 32 घंटे का लॉकडाउन जारी है, आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को आवाजाही की छूट है। राज्य में बढ़ रहे संक्रमण के मामलों पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चिंता व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री शिवराज ने ट्वीट कर कहा कि कोविड-19 की लहर प्रदेश में बहुत तेजी से बढ़ रही है। आज इंदौर, भोपाल और जबलपुर में लॉकडाउन है। कल 1,332 मामले आए हैं। प्रदेश के अनेक जिलों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसे रोकना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मैं नहीं चाहता कि प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को बाधित किया जाए। लेकिन कोरोना की बढ़ती रफ्तार मन में चिंता पैदा कर रही है।
आज इंदौर, भोपाल और जबलपुर में लॉकडाउन है। #COVID19 की लहर बहुत तेज़ी से बढ़ रही है। कल 1,332 मामले आये हैं, अनेक ज़िलों में संक्रमण तेज़ी से फैल रहा जिसे रोकना ज़रूरी है।मैं नहीं चाहता कि हम आर्थिक गतिविधियों को बाधित करें,लेकिन कोरोना की बढ़ती रफ्तार मन में चिंता पैदा कर रही है। pic.twitter.com/0iCCEdhWdR
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) March 21, 2021
राज्य में कोरोना मरीजों की दैनिक संख्या 13 सौ को पार कर गई है। भोपाल में सबसे ज्यादा 345 मरीज सामने आए हैं, वहीं इंदौर मे 317 और जबलपुर में 116 मरीज मिले हैं। राज्य के अन्य हिस्सों में भी मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसी को ध्यान मे रखकर महाराष्ट्र से आने और जाने वाली यात्री बसों पर रोक लगा दी गई है।
कोरेाना के संक्रमण की रोकथाम के लिए मास्क का उपयोग आवश्यक कर दिया गया है, वहीं इंदौर, भोपाल व जबलपुर में शनिवार की रात को 10 बजे से सोमवार को सुबह 6 बजे तक के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। 32 घंटे के इस लॉकडाउन के चलते सड़कों पर सुरक्षा बलों की तैनाती है, जगह-जगह बैरिकेट्स लगाए गए हैं।
आवश्यक सेवाएं निर्बाध गति से जारी हैं, वहीं आम आवाजाही पर पूरी तरह रोक है। सड़कों पर सन्नाटा है तो बाजार पूरी तरह बंद हैं और गलियां सुनसान हैं। राज्य सरकार ने तय किया है कि इंदौर, भोपाल एवं जबलपुर में रविवार को लॉकडाउन के दौरान सामाजिक समारोह आयोजित करने के लिए प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। तीनों ही नगरों में आगामी 31 मार्च तक स्कूल, कॉलेज बंद रहेंगे।


Download Android App
Download iOS App



