मुंबई : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की कथित तौर पर तारीफ करने पर महाराष्ट्र से माकपा के एक नेता को पार्टी की केन्द्रीय समिति से निलंबित कर दिया गया है।
माकपा के पूर्व विधायक नरसैया एडम ने सोलापुर जिले में एक आवास परियोजना को मंजूरी देने के लिए जनवरी में मोदी और फडणवीस की सराहना की थी और उन्हें धन्यवाद दिया था। एडम पहले राज्य विधानसभा में इसी क्षेत्र से निर्वाचित हो चुके हैं। उन्होंने मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनने के लिए कथित तौर पर शुभकामना भी दी थी।
पार्टी के एक पदाधिकारी ने मंगलवार को बताया, ‘‘ऐसी तारीफ पार्टी की नीति के खिलाफ है। ऐसे में उन्हें तीन महीने के लिए पार्टी की केन्द्रीय समिति से निलंबित करने का निर्णय लिया गया है।’’ केन्द्रीय समिति कम्युनिस्ट पार्टी की निर्णय लेने वाली एक प्रमुख समिति है। इस मामले पर एडम की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।


Download Android App
Download iOS App




