कोलकाता का विश्व प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर, रामकृष्ण मिशन का मुख्यालय बेलूर मठ, शक्तिपीठ कालीघाट मंदिर के अलावा थंथानिया मंदिर एक जनवरी को श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे।
कोविड-19 के बढ़ते केसों के मद्देनजर मंदिरों के प्रशासन ने लिया फैसला
पश्चिम बंगाल में कोविड-19 के मामलों में लगातार हो रही वृद्धि के मद्देनजर मंदिरों के प्रशासन ने यह फैसला किया है।
दक्षिणेश्वर मंदिर के ट्रस्टी कुशल चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि मंदिर के अधिकारियों को यह फैसला करने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि एक जनवरी के दिन लाखों की तादाद में श्रद्धालु मंदिर में आते हैं और इस दौरान कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करवाना काफी कठिन होगा। दक्षिणेश्वर मंदिर दो जनवरी को दोबारा खुलेगा।
बेलूर मठ के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘मौजूदा परिस्थितियों के कारण मठ का परिसर एक जनवरी से चार जनवरी तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा।’
बेलूर मठ पांच जनवरी को दोबारा श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएगा। इसकी स्थापना स्वामी विवेकानंद द्वारा की गयी थी।
कालीघाट मंदिर सेबायित परिषद की कार्यकारी समिति के सचिव दीपांकर चटर्जी ने कहा, ‘हम एहतियात के तौर पर एक जनवरी को मंदिर के गर्भगृह को बंद रखेंगे। इसके बाद तीन जनवरी को एक बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।’
थंथानिया सिद्धेश्वरी काली मंदिर को भी एक और दो जनवरी को श्रद्धालुओं के लिए बंद रखा जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



