तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पत्र लिखकर राज्य के चमोली जिले में ग्लेशियर टूटने से हुए हादसे में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की। उल्लेखनीय है कि रविवार को जोशीमठ में ग्लेशियर के टूटने से हिमस्खलन हुआ और अलकनंदा नदी में मलबा गिरा जिससे अचानक आई बाढ़ से पनबिजली केंद्र बह गया।
मंगलवार तक 32 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी थी और विभिन्न एजेंसियां पनबिजली परियोजना की सुरंग में फंसे 25 से 35 लोगों को निकालने एवं लापता 174 लोगों को तलाशने का प्रयास कर रही हैं। पत्र में दलाई लामा ने लिखा, ‘‘ मैं उन लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं जिन्होंने अपनों को खोया है और उनके लिए प्रार्थना करता हूं।
मैं उन लोगों की सुरक्षा और सही सलामत होने की प्रार्थना करता हूं जो अब भी लापता हैं। मैं समझ सकता हूं कि दोनों केंद्र एवं राज्य सरकार बचाव कार्य में लगे हुए हैं और इस प्राकृति आपदा से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए यथासंभव कार्य कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ उत्तराखंड के लोगों के प्रति एकजुटता की भावना प्रकट करने के लिए मैनें दलाई लामा न्यास से राहत एवं बचाव कार्य के लिए दान देने को कहा है।’’


Download Android App
Download iOS App



