अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में ड्रग एंगल की छानबीन कर रहे एनसीबी ने जांच के दायरे को आगे बढ़ाते हुए अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की मैनेजर करिश्मा प्रकाश और क्वान टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसी के सीईओ ध्रुव चिटगोपेकर को पूछताछ के लिए तलब किया है।
इस मामले से जुड़े नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया, “हमने प्रकाश, जो क्वान में मैनेजर के तौर पर काम करती हैं और इसके सीईओ ध्रुव को तलब किया है।” अधिकारी ने बताया कि इन्हें इसलिए तलब किया गया है क्योंकि व्हाट्सअप के कुछ चैट में खुलासा हुआ है कि ये भी कथित तौर पर ड्रग मामले से जुड़े हुए हैं।
प्रकाश और ध्रुव के अलावा एनसीबी ने सुशांत की पूर्व मैनेजर श्रुति मोदी और टैलेंट मैनेजर जया साहा को भी और अधिक पूछताछ के लिए अपने सामने उपस्थित होने को कहा है। सोमवार को एनसीबी के अधिकारियों द्वारा इन दोनों से पांच घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई। एनसीबी इस मामले में अभी तक सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, उनके भाई शोविक, सुशांत के हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा, निजी स्टाफ दीपेश सावंत सहित 15 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



