देवेंद्र फडणवीस गोवा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की तैयारियों का लेंगे जायजा

Summary :

गोवा के नवनियुक्त चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता 20 सितंबर को तटीय राज्य का दौरा करेंगे। इस दौरान वे अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा करेंगे। पार्टी प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी।

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी और रेल और कपड़ा राज्य मंत्री दर्शन जरदोश, दोनों गोवा चुनाव के सह-प्रभारी हैं, और भाजपा के गोवा डेस्क प्रभारी सीटी रवि भी अगले दो दिनों में राज्य का दौरा करेंगे।
प्रवक्ता ने संवाददाताओं से कहा, ‘वरिष्ठ नेता अगले 3-4 महीनों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समग्र स्थिति का जायजा लेंगे।’
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान भाजपा नेताओं की टीम मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, कैबिनेट मंत्रियों, पार्टी विधायकों, नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा करेगी।
उन्होंने कहा, “टीम महिला विंग, युवा विंग, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ और ओबीसी प्रकोष्ठ सहित भाजपा की विभिन्न समितियों के साथ अलग-अलग चर्चा करेगी और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेगी।”
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि फडणवीस ने मुख्यमंत्री के रूप में सफलतापूर्वक महाराष्ट्र का नेतृत्व किया।
उन्होंने कहा,’उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रभारी के रूप में अहम भूमिका निभाई थी। उनका व्यापक अनुभव गोवा में भाजपा के लिए उपयोगी साबित होगा।’

Shera Rajput