तालिबान मुद्दे पर दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार के खिलाफ किया ट्वीट

Summary :

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने तालिबान मुद्दे पर एक बार फिर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को निशाने पर लिया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने तालिबान मुद्दे पर केंद्र सरकार को निशाने पर लिया। कांग्रेस नेता ने आज सुबह ट्वीट करते हुए कहा कि भाजपामोदीशाह सरकार तालिबान के साथ चर्चा कर रही है। 
दरअसल, दिग्विजय सिंह ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी थी, जिसमें पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने “सभ्य पड़ोसियों” के तौर पर भारत-पाकिस्तान संबंधों की राह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा को कथित रूप से बाधक करार दिया था। 
दिग्विजय सिंह ने इमरान के बयान पर कहा कि जब तक पाकिस्तान की इमरान खान सरकार मुंबई आतंकवादी हमलों और भारत के खिलाफ दहशतगर्दी की अन्य हरकतों के मददगारों पर सख्त कार्रवाई नहीं करती, तब तक दोनों पड़ोसी मुल्कों के बीच बातचीत का सिलसिला बहाल होना मुमकिन नहीं है। पाकिस्तान को दिए गए दिग्विजय के इस जवाब पर बीजेपी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर कांग्रेस नेता ने आज ट्वीट कर केंद्र सरकार को निशाने पर लिया। 

 उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “आप इस खबर पर चुप क्यों हैं? क्या साहब से संदेश नहीं आया? भाजपामोदीशाह सरकार तालिबान के साथ चर्चा कर रही है। इमरान खान साहब भी तालिबान पर मेहरबान हैं। लगता है भाजपामोदीशाह व इमरान खान अफगानिस्तान की चुनी सरकार को मदद ना कर, तालिबान का रास्ता साफ कर रहे हैं।”

Desk Team