दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस, सामान्य तौर पर छाए रहेंगे बादल

Summary :

दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में सामान्य तौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

दिल्ली-एनसीआर के आसमान पर आज यानी 18 जुलाई को सुबह से बादलों की आवाजाही के बीच मौसम का मिजाज बदला है। आज लोगों को फिर गर्मी से रहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है। मौसम विभाग ने हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, यूपी, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी के गढ़मुक्तेश्वर, संभल, खतौली, आगरा, मेरठ और आस-पास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना
दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में सामान्य तौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आर्द्रता 81 फीसदी दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में सुबह नौ बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक 95 रहा। वायु गुणवत्ता सूचकांक शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘ख़राब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

Desk Team