देहरादून : प्रदेश के कृषि, उद्यान एवं रेशम विकास मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा देहरादून के रायपुर विकासखण्ड के दो ग्राम सिरियों व भोपालपानी का भ्रमण ग्रामवासियों की समस्याएं सुनीं और इनके त्वरित समाधान हेतु विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा ग्राम भोपालपानी, कालीभाटी, सौड़ा सरौली में फार्म मशीनरी बैंक के क्लस्टर्स बनाये गये हैं।
उन्होंने विभाग द्वारा फार्म मशीनरी बैंक द्वारा अनुदानित कृषि यन्त्रों का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री द्वारा कृषकों को परम्परागत कृषि विकास योजना में जैविक कृषि प्रमाण-पत्र एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किये गये। ग्राम सिरियों के भ्रमण के दौरान कृषि मंत्री ने मनोहर सोलंकी, राजेन्द्र सिंह आदि कृषकों से चर्चा कर गांवों में संचालित जैविक कृषि कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कृषकों द्वारा जैविक धान की रोपाई कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी अभिलाषा भट्ट, विकास खण्ड अधिकारी रायपुर सी एल असवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कृषि यंत्र अनुदान पर समूहों को उपलब्ध कराने से किसानों को फायदा
कृषक समूह के अध्यक्ष लाखन सिंह सोलंकी द्वारा कृषि मंत्री को अवगत कराया गया कि जो कृषि यंत्र 80 प्रतिशत अनुदान पर समूहों को उपलब्ध कराये गये है उनका सही ढंग से उपयोग हो रहा है, जिनमें ट्रैक्टर, पावरी वीडर, चैफ कटर, पैड्डी और व्हीट थ्रेशर आदि यंत्र शामिल हैं।
इन कृषि यन्त्रों को पूरे क्षेत्र में किराये पर दिया जाता है, जिससे वर्ष 2017-18 में लगभग 70,000 रूपए की धनराशि की प्राप्ति समूह को हुई है। उनका कहना था कि पहले कृषकों का अधिक व्यय होता था, फार्म मशीनरी बैंक स्थापित होने से कृषकों को धन और समय की बचत हुई है।


Download Android App
Download iOS App



