मध्यप्रदेश के परिवहन एवं राजस्व मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा है कि परिवहन विभाग की नई वेबसाइट यूजर फ्रेंण्डली होगी। दृष्टि बाधित और दिव्यांग व्यक्ति भी इसका भली-भांति उपयोग कर सकेंगे। श्री राजपूत ने विभागीय अधिकारियों की बैठक में वेबसाइट बनाने की प्रक्रिया की समीक्षा के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि यह वेबसाइट द्विभाषी होगी। इसमें हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जानकारियां उपलब्ध रहेंगी।
मंत्री ने बताया कि वेबसाइट पर परिवहन विभाग की गतिविधियों, योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध रहेगी। परिवहन विभाग द्वारा वेबसाइट को अधिक जनोपयोगी बनाने की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि वेबसाइट पर स्क्रीन रीडर सुविधा रहेगी, जिससे कर्सर को मूव करके वेबसाइट पर स्वत: पढ़कर उच्चारण संभव होगा। यह वेबसाइट कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम आधारित रहेगी, जिसमें सूचनाओं को त्वरित रूप से अपडेट करने की सुविधा रहेगी।
इससे वेंडर पर निर्भरता भी कम हो जायेगी। परिवहन मंत्री ने बताया कि परिवहन विभाग की नई वेबसाइट दिव्यांगजन के लिये भी लाभकारी होगी। कलर ब्लाइंड व्यक्ति भी आसानी से इसका उपयोग कर सकेंगे क्योंकि इस पर बैकग्राउंड कलर परिवर्तित करने का ऑप्शन भी उपलब्ध कराया गया है। वेबसाइट में फोंट साइज को छोटा और बड़ किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि नवीन वेबसाइट पूर्णत: शासकीय डोमेन पर होस्ट होगी।


Download Android App
Download iOS App



