लॉकडाउन : क्वारंटाइन को लेकर इन नियमों के साथ आंध्र प्रदेश में शुरू हुई घरेलू विमान सेवाएं

Summary :

स्पाइसजेट का पहला विमान बेंगलुरु से 79 यात्रियों के साथ मंगलवार सुबह विजयवाड़ा हवाईअड्डा पहुंचा।

कोरोना वायरस (कोविड-19) के चलते लागू लॉकडाउन के करीब दो महीने बाद घरेलू यात्री उड़ानें सोमवार से शुरू हुई। वहीं आंध्र प्रदेश में घरेलू विमान सेवाएं मंगलवार यानि आज से हुई है । राज्य में स्पाइसजेट का पहला विमान बेंगलुरु से 79 यात्रियों के साथ मंगलवार सुबह विजयवाड़ा हवाईअड्डा पहुंचा।
हवाईअड्डा निदेशक जी मधुसूदन राव के मुताबिक, विमान 68 यात्रियों के साथ सुबह सात बजकर 40 मिनट पर बेंगलुरु लौट गया। उन्होंने बताया कि हवाईअड्डे पर इंडिगो का एक विमान भी है जो 48 यात्रियों के साथ बेंगलुरु से यहां आया और 50 यात्रियों के साथ लौटा। राव ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के मुताबिक सभी यात्री जो यहां उतरे उन्हें अपने ब्यौरे राज्य सरकार के स्पंदन वेबसाइट में दर्ज कराने थे।

कोरोना वैक्सीन को लेकर अच्छी खबर, US कंपनी ने 131 लोगों पर शुरू किया ह्यूमन ट्रायल

उन्होंने बताया, “चूंकि बेंगलुरु कोविड-19 मामलों के लिहाज से बहुत अधिक संवेदनशील नहीं है, इसलिए यहां उतरने वाले प्रत्येक यात्री को सात दिनों के लिए घर पर पृथक-वास में रहने की सलाह दी गई है। वहीं अधिक संवेदनशील इलाकों के मामले में यात्रियों को या तो संस्थागत पृथक-वास केंद्र में रहना होगा या किराये के पृथक-वास केंद्र में।”
उन्होंने बताया कि यात्रियों के साथ नागर विमानन मंत्रालय द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया के मुताबिक बर्ताव किया गया।विमान सेवाएं सोमवार से शुरू होनी थी लेकिन यहां ऐसा नहीं हो पाया। केंद्र सरकार ने पिछले हफ्ते देश में 25 मई से घरेलू विमान सेवाएं शुरू करने की घोषणा की थी जिस पर कई राज्यों ने आपत्ति जताई थी।

Desk Team