प्रियंका ने प्रवासी कामगारों पर योगी के दावे पर उठाया सवाल, कहा-जांच संक्रमण का डेटा जनता से करे साझा

Summary :

प्रियंका गांधी ने कहा, “क्या मुख्यमंत्री जी का मतलब है कि उत्तरप्रदेश में 10 लाख से अधिक लोग कोरोना से संक्रमित हैं? मगर उनकी सरकार के आंकड़े तो संक्रमण की संख्या 6228 बता रहे हैं।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से आ रहे कामगार कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। वहीं उनके इस बयान पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने निधाना साधते हुए मुख्यमंत्री योगी से इस दावे का आधार बताने को कहा है।
प्रियंका गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल से मुख्यमंत्री योगी के इस बयान का वीडियो क्लिप भी साझा किया है। वीडियो क्लिप में योगी आदित्यनाथ यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि मुंबई से लौट रहे प्रवासी कामगार कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। प्रियंका ने कहा, ‘‘ उप्र के मुख्यमंत्रीजी का ये बयान सुना। सरकार के आंकड़ों के अनुसार लगभग 25 लाख लोग यूपी वापस आ चुके हैं। मुख्यमंत्री जी के बयान के आधार पर इनमें से महाराष्ट्र से लौटे हुए 75 प्रतिशत, दिल्ली से लौटे हुए 50 प्रतिशत और अन्य प्रदेशों से लौटे 25 प्रतिशत लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।’’ 


उन्होंने लिखा, ‘‘क्या मुख्यमंत्री जी का मतलब है कि उत्तरप्रदेश में 10 लाख से अधिक लोग कोरोना से संक्रमित हैं? मगर उनकी सरकार के आंकड़े तो संक्रमण की संख्या 6228 बता रहे हैं। उनके द्वारा बताए गए संक्रमण के आंकड़े का आधार क्या है? लौटे हुए प्रवासियों में संक्रमण का ये प्रतिशत आया कहां से।’’ 


उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘और यदि ऐसा है तो इतने कम जांच क्यों हो रहे हैं? या ये आंकड़े उप्र सरकार के अन्य आंकड़ों की तरह ही अप्रमाणित और गैर ज़िम्मेदार हैं ?’’ प्रियंका ने सीधा सवाल करते हुए ट्वीट किया, ‘‘अगर मुख्यमंत्री जी के बयान में सच्चाई है तो सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ जांच संक्रमण के डेटा और अन्य तैयारियों को जनता से साझा करे।’’

Desk Team