गुजरात में भारी बारिश के कारण इलाकों में भरा पानी, रिहायशी जगहों में घुसे मगरमच्छ

Summary :

मौसम विभाग ने अगले 5 घंटे तक गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लोग अपना घर छोड़कर ऊंचे स्थानों पर जाने लगे है।

गुजरात में हुई बारिश से लोगों का जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। भारी बारिश के कारण इलाकों में पानी भर गया है। वहीं नदियां भी उफान पर है। मौसम विभाग ने अगले 5 घंटे तक गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लोग अपना घर छोड़कर ऊंचे स्थानों पर जाने लगे है। राहत और बचाव एजेंसियों ने 5000 से अधिक लोगों को 26 निचले इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। 
एनडीआरएफ टीम लगातार लोगों को बचने में लगी हुई है। वड़ोदरा शहर में हवाईअड्डा को बंद करना पड़ा और कुछ ट्रेने भी रद्द करनी पड़ी। हवाईअड्डा अधिकारियों ने बताया कि शहर के बाहरी इलाके में स्थित वडोदरा हवाई अड्डा को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया और दो घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गई। वहीं, पश्चिमी रेलवे ने कहा कि जल जमाव के कारण शहर से गुजरने वाली कुछ ट्रेने रद्द कर दी गई है या उनके मार्ग में बदलाव किये गए हैं। 

गुजरात सरकार की एक विज्ञप्ति में बताया गया कि बुधवार को राज्य में सबसे अधिक, सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक वड़ोदरा में 442 मिमी बारिश दर्ज की गई। वडोदरा में विश्वामित्री नदी उफान पर है। इसमे बड़ी संख्या में रहने वाले मगरमच्छ भी बह कर शहर में पहुंच गए हैं। 

अंदाजा है कि 200 से ज्यादा मगरमच्छ सड़कों पर पानी में घूम रहे हैं। प्रशासन ने राहत काम के लिए सेना की दो टुकड़ियों, एनडीआरएफ की पांच व एसडीआरएफ की चार टीम, राज्य रिजर्व पुलिस की दो कंपनियों और अग्निशमन विभागों के कर्मियों और पुलिस को लगाया है।

Desk Team