ममता की वजह से बीजेपी पश्चिम बंगाल में दस्तक दे सकी : सीताराम येचुरी

Summary :

येचुरी ने बनर्जी को भाजपा की ‘स्वभाविक सहयोगी’ बताते हुए कहा कि बीजेपी को पश्चिम बंगाल में मौजूदगी दर्ज कराने में बनर्जी ने ही मदद की।

माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी दस्तक दे सकी, इसके लिये सिर्फ और सिर्फ राज्य की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ही जिम्मेदार हैं। येचुरी ने बनर्जी को बीजेपी की ‘स्वभाविक सहयोगी’ बताते हुए कहा कि बीजेपी को पश्चिम बंगाल में मौजूदगी दर्ज कराने में बनर्जी ने ही मदद की।

माकपा नेता ने ट्वीट कर कहा, ‘‘गुजरात में 2002 के दंगों बाद, ममता बनर्जी तत्कालीन बीजेपी सरकार में मंत्री थीं। 2004 के चुनाव में उनकी पार्टी का बीजेपी के साथ गठबंधन था। उन्होंने ही बंगाल में बीजेपी को दस्तक देने में मदद की और आज भी वह ऐसा कर रही हैं।’’ येचुरी ने बीजेपी, आरएसएस के खिलाफ वामदलों के संघर्ष का हवाला देते हुए कहा, ‘‘अब वह (बनर्जी) हमें उपदेश दे रही हैं, आखिर, बीजेपी आरएसएस के खिलाफ हमेशा से कौन लड़ता आ रहा है?’’

उन्होंने बनर्जी से जुड़ी एक पुरानी मीडिया रिपोर्ट की तस्वीर भी ट्वीट की, जिसमें बनर्जी के साक्षात्कार का शीर्षक है ‘‘बीजेपी हमारी स्वाभाविक सहयोगी है।’’ उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में खुद को बेहतर परिणाम मिलने का दावा किया है।

Desk Team