शिमला : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बुधवार को 3.5 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। हालांकि इस दौरान किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है।
शिमला मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि भूकंप का केंद्र धर्मशाला शहर के उत्तर में जमीन से पांच किलोमीटर की गहराई पर था। उन्होंने बताया कि आज सुबह सात बजकर 35 मिनट पर कांगड़ा जिले के अधिकतर हिस्सों में 3.5 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया।
दिल्ली NCR में महसूस किए गए भूकंप के झटके
बीते दिनों में दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम को भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.4 दर्ज की गई थी। किसी की भी कोई हताहत होने की खबरें नहीं आईं हैं। जम्मू संभाग के पुंछ जिले में भी भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। भारतीय समयानुसार ये भूकंप शनिवार शाम 5 बजकर 34 मिनट और 44 सेंकेंड आया। शुरुआती जानकारी में भूकंप का केंद्र हिंदुकुश पर्वत क्षेत्र बताया जा रहा है। ये हिंदु कुश पर्वत माला मध्य अफगानिस्तान से उत्तरी पाकिस्तान तक फैली हुई है। वहीं, प्रशासन ने महाराष्ट्र में पालघर जिले के कई गांवों में हाल में आये भूकंप के कारण बढ़ते डर की भावना के बीच दो तालुक को हाई अलर्ट किया है और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को राहत कार्य में शामिल किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, प्रशासन दहानु और तलसारी तालुक के निवासियों का डर खत्म करने के लिए उन तक पहुंच रहे हैं और उनके लिए अस्थायी शिविरों का निर्माण कर रहे हैं। क्षेत्र में नवंबर से कम तीव्रता के भूकंप के झटके आ रहे हैं। सिर्फ शुक्रवार को ही रिक्टर पैमाने पर तीन और 4.1 की तीव्रता के बीच के कम से कम छह भूकंप के झटके आए। इसके कारण निवासियों में घबराहट का माहौल है।


Download Android App
Download iOS App



