निर्वाचन आयोग ने हिंसा की खबरों के बीच पश्चिम बंगाल के सीतलकूची विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्र संख्या 126 में मतदान स्थगित करने का शनिवार को आदेश दिया। आयोग के एक प्रवक्ता ने बताया कि विशेष पर्यवेक्षकों की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला किया गया है। विशेष पर्यवेक्षकों और राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी से शाम पांच बजे तक विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा गया है।
उल्लेखनीय है कि कूचबिहार जिले में शनिवार को स्थानीय लोगों के हमले के बाद केन्द्रीय पुलिस बल ने कथित तौर पर गोलियां चलाईं, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। ऐसा आरोप है कि स्थानीय लोगों ने बल के जवानों की ‘‘राइफलें छीनने की कोशिश की।’’ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना सीतलकूची में हुई, जब मतदान चल रहा था।उन्होंने बताया, ‘‘प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार एक गांव में बल के जवानों पर हमला किया गया, जिसके बाद उन्होंने गोलीबारी की, जिसमें चार लोग मारे गए।’’
बता दें कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों से शांत रहने की शनिवार को अपील की और सीआईएसएफ पर सीतलकूची में पंक्तिबद्ध खड़े मतदाताओं पर गोलियां चलाने का आरोप लगाया। बनर्जी ने यहां एक जनसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस बात का जवाब देने को कहा कि राज्य विधानसभा के चौथे चरण के मतदान के दौरान कूचबिहार जिले के सीतलकूची में केंद्रीय बलों की गोलीबारी में लोगों की जानें क्यों गईं। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय बलों के ‘‘अत्याचार’’ को देखकर उन्हें काफी समय से ऐसा कुछ होने की आशंका थी।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए मतदान जारी है। चौथे चरण में केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और राज्य के मंत्री पार्थ चटर्जी तथा अरुप बिस्वास समेत 373 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला 1.15 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे। मतदान शाम साढ़े छह बजे तक चलेगा। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। 15,940 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 789 टुकड़ियां तैनात की गई है।


Download Android App
Download iOS App



