सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने गुरुवार को कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम को गिरफ्तार करने की प्रतीक्षा कर रहा है। उस समय कार्ति अपने पिता की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत कक्ष में ही मौजूद थे। मेहता ने न्यायमूर्ति आर. भानुमति की अध्यक्षता वाली तीन न्यायाधीशों की पीठ के समक्ष बहस करते हुए कहा कि जांच एजेंसी कार्ति की गिरफ्तारी पर दिल्ली हाईकोर्ट की रोक हटने का इंतजार कर रही है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्ति ने दिल्ली हाईकोर्ट में धनशोधन निवारण अधिनियम के कुछ प्रावधानों को चुनौती दी है। इन दलीलों के दौरान कार्ति के चेहरे पर कोई भी भाव नहीं दिखा और वह पीठ के न्यायाधीशों को देख रहे थे। अदालत के समक्ष मेहता ने दोहराया कि उनकी गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट द्वारा रोक लगाई गई है और यह रोक हटते ही उन्हें भी मामले में गिरफ्तार किया जाएगा।
मेहता शीर्ष अदालत के समक्ष पी. चिदंबरम को जमानत देने के खिलाफ बहस कर रहे थे। चिदंबरम को सीबीआई ने आईएनएक्स मीडिया भ्रष्टाचार मामले में 21 अगस्त को गिरफ्तार किया था और 22 अक्टूबर को उन्हें शीर्ष अदालत ने जमानत दे दी थी।


Download Android App
Download iOS App



