असम के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य में कांग्रेस के चुनाव प्रभारी तरुण गोगोई ने शनिवार को आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग प्रभावी भूमिका नहीं निभा रहा है। श्री गोगोई ने चुनाव आयोग की भूमिका संबंधी एक प्रश्न पर कहा, ‘‘ चुनाव आयोग अपना काम प्रभावी तरीके से नहीं कर रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के नेता चुनाव में राजनीतिक लाभ के लिए सरेआम जवानों के नामों को भुना रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेन्द, मोदी ही छाये हुए हैं और इस तरह उन्होंने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को गुमनामी में धकेल दिया है।’’ श्री गोगोई ने उम्मीद जतायी कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को राज्य में कम से कम आठ सीटें मिलेंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव के बाद अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनती है तो संसद में नागरिकता संशोधन विधेयक पारित कराया जायेगा। यह हैरानी की बात है कि एक व्यक्ति जिसका नाम राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर में नहीं है लेकिन उसके नाम का वोटर कार्ड है और वह मतदान करेगा। भाजपा को इसके बारे में स्पष्ट करना चाहिए।’’ उल्लेखनीय है कि असम में 18 और 23 मई को मतदान होना है।


Download Android App
Download iOS App



