देहरादून : लोकसभा चुनावों की घोषणा होने के साथ ही उत्तराखंड में लोकसभा की पांचों सीटों पर पहले चरण में 11 अप्रैल को होने वाले मतदान की तैयारियों में तेजी आ गयी है। राज्य की मुख्य निवार्चन अधिकारी सौजन्या ने निर्वाचन सदन से चुनावों की घोषणा होने के तत्काल बाद प्रदेश में सभी रिटर्निंग अधिकारियों व जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग कर तैयारियों की समीक्षा की।
चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने की बात कहते हुए सौजन्या ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से इसे सख्ती के साथ लागू करने के निर्देश दिये और कहा कि सरकारी व सार्वजनिक सम्पत्तियों के विरूपण को समयबद्धता के साथ दूर किया जाए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सरकारी वाहनों के दुरूपयोग को भी रोका जाए तथा सुनिश्चित किया जाये कि सरकारी व्यय से अब कोई भी प्रचारात्मक विज्ञापन नहीं दिया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकारी वेबसाईटों से राजनीतिक व्यक्तियों के फोटोग्राफ भी हटाए जायेंगे तथा अब नए टेंडर या वर्कआर्डर नहीं हो सकेगे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जी. एस रावत, अपर जिलाधिकारी बीर सिंह बुदियाल एवं रामजीशरण शर्मा, मुख्य कोषाधिकारी नरेन्द्र सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, अधिशासी अभियन्ता नमित रमोला सहित समस्त विधानसभाओं के सहायक निर्वाचन अधिकारी उपस्थित थे। सौजन्या ने स्पष्ट किया कि यदि कोई काम भौतिक रूप से शुरू हो चुका है तो वह चलता रहेगा परंतु कोई नया शिलान्यास या लोकार्पण नहीं होगा।
– सुनील तलवाड़


Download Android App
Download iOS App



