आंध्र प्रदेश में बुधवार को शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव जारी है। यहा पर मतदान शांतिपूर्वक तरीके से हो रहा है। 13 जिलों में 12 नगर निगमों और 71 नगर पालिकाओं के लिए वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा।
12 नगर निगमों में 26,835 मतदान अधिकारी चुनाव करा रहे हैं, वहीं 21,888 से ज्यादा अधिकारी नगरपालिकाओं में चुनाव प्रक्रिया करा रहे हैं। उम्मीद है कि 77.7 लाख से ज्यादा मतदाता इन शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों में अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
बुधवार को मतदान होने के बाद रविवार को नतीजे घोषित किए जाएंगे। वहीं पुलिवेंदुला, पुंगनुरु, पिदुगुरल्ला और माचेरला नगरपालिका में पहले ही निर्विरोध तौर पर उम्मीदवार चुने जा चुके हैं। सुबह 9 बजे तक एलुरु निगम में 10 प्रतिशत मतदान हो चुका था। आखिरी समय तक एलुरु में चुनावों को लेकर अनिश्चितता थी कि यहां चुनाव होंगे या नहीं लेकिन अब यहां चुनाव हो रहे हैं। वहीं 9 बजे तक श्रीकाकुलम जिले में पालकोंडा नगरपालिका में 7 प्रतिशत, पीथमपुर में 12 प्रतिशत, मंडपेटा में 25 प्रतिशत और रामचंद्रपुरम में 14 प्रतिशत मतदान हो चुका था।


Download Android App
Download iOS App



