महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि महाराष्ट्र में ‘आपरेशन लोटस’ नहीं हो रहा है क्योंकि महा विकास अघाड़ी सरकार अपने ही अंतर्विरोधों के कारण गिर जाएगी।
फडणवीस ने दावा किया कि अमित शाह के साथ उनकी मुलाकात ‘गैर राजनीतिक’ थी क्योंकि इसका मकसद प्रदेश के चीनी उद्योगों के लिए आर्थिक सहायता की मांग करना था। बीजेपी नेता ने बताया कि उन्होंने महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की स्थिति से भी शाह को अवगत कराया है और इसके लिए प्रधानमंत्री से मुलाकात का वक्त मांगा है।
बैठक के बारे में फडणवीस ने कहा, ‘इस दौरान कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। हम राज्य सरकार को अस्थिर करने के इच्छुक नहीं हैं….यह समय कोरोना वायरस से संघर्ष का है।’ उन्होंने बताया, ‘महाराष्ट्र में आपरेशन लोटस नहीं होगा…हमने पहले ही कहा है कि सरकार में अपने अंतर्विरोध हैं और हम देखेंगे कि यह कब गिरती है।’
महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता ने उन अटकलों को भी खारिज कर दिया कि उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में किसी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई है। यह पूछे जाने पर कि पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ नेता आपके साथ थे, इस पर उन्होंने कहा कि वे सब चीनी उद्योग से जुड़े हैं।


Download Android App
Download iOS App



