बिजली के ‘‘भारी भरकम’’ बिल के खिलाफ दिल्ली भाजपा ने प्रदर्शन किया, फिक्स्ड चार्ज माफ करने की मांग

Summary :

दिल्ली भाजपा ने शुक्रवार को डिस्कॉम कार्यालयों पर प्रदर्शन किए और शहर के उपभोक्ताओं को लॉकडाउन काल के ‘‘भारी भरकम’’ बिजली के बिल से राहत देने की मांग की।

 दिल्ली भाजपा ने शुक्रवार को डिस्कॉम कार्यालयों पर प्रदर्शन किए और शहर के उपभोक्ताओं को लॉकडाउन काल के ‘‘भारी भरकम’’ बिजली के बिल से राहत देने की मांग की। 
इन विरोध प्रदर्शनों में पार्टी नेताओं और पार्टी सांसदों ने हिस्सा लिया और उपभोक्ताओं के लिए ‘फिक्स्ड चार्ज’ माफ करने की मांग की। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने मालवीय नगर में दिल्ली विद्युत नियामक आयोग (डीईआरसी) के बाहर प्रदर्शन किया। 
उन्होंने कहा,‘‘ लॉकडाउन के दौरान दुकानें और कार्यालय बंद थे तथा सभी प्रकार की कारोबारी गितिविधियां बंद थीं। फिर भी, केजरीवाल सरकार लोगों को बिजली के भारी भरकम बिल भेजती जा रही है और उनमें फिक्स्ड चार्ज भी जोड़ा गया है। भाजपा इसका विरोध करती है और इसे माफ करने की मांग करती है। ’’ 
दिल्ली भाजपा महासचिव एवं विरोध प्रदर्शन के आयोजक कुलजीत चहल ने कहा कि ‘‘बिजली जन आंदोलन’’शहर के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में किए गए। 

Ujjwal Jain