केन्द्रीय राज्य मंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि इस चुनाव में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के कुटिलतापूर्ण वादों को देश के लोग भलिभांति समझ चुके हैं। अपने परिवार के कृत्यों पर सजा मिलने के भय से बौखला जाने के बाद राहुल गांधी अपनी मर्यादा को भी लांघ चुके हैं। साय शनिवार को लैलूंगा के कुंजारा गांव में एक चुनावी सभा को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की साफ सुथरी छवि को खराब करने का विपक्ष को कोई अवसर नहीं मिल पाया है। इस वजह राहुल अपनी जुबान से भाजपा के पितृ पुरूष लाल कृष्ण आडवानी पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं। विष्णु देव साय ने कहा कि मोदी की मजबूत सरकार ने पांच वर्ष के दौरान जनहित के फैसले लेकर पूरे देश के लोगों का मन जीता है। यही वजह है कि इस लोकसभा चुनाव में पूरे देश में मोदी को वापस लाने की लहर चल पड़ी है।
साय ने कहा कि छत्तीसगढ़में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद वित्तीय अनियमितता के कारण गरीब तबका के लिए शुरू की गई पेंशन योजना, स्वास्थ्य सहायता तथा कर्मचारियों का वेतन देना भी दुभर हो गया है। विष्णु देव साय ने बताया कि पीएम मोदी के इस पांच वर्ष के कार्यकाल में जशपुर और रायगढ़ जिले में किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल बीमारियों से जूझ रहे सौ से अधिक गरीब परिवार के लोगों को आर्थिक मदद कर उन्हे नया जीवन दिया गया है। विष्णु देव साय ने आगामी 23 अप्रैल को नरेंद्र मोदी की मजबूत सरकार बनाने के लिए मतदान की अपील की।


Download Android App
Download iOS App



