मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की मतगणना 11 दिसंबर को होने वाली है। इस बार चक्रवार (राउंडवाइज) मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे जिसके बाद उम्मीदवारों को परिणामों की प्रति भी दी जाएगी। इसके बाद अगले चक्र की मतगणना शुरू होगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के सभी 51 जिला मुख्यालयों में सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी।
मतगणना के दौरान प्रत्येक राउंड की समाप्ति पर ईवीएम मशीनों से की गई मतगणना के परिणामों की प्रेक्षक (ऑब्जर्वर) और संबंधित रिटर्निग अधिकारियों (निर्वाचन अधिकारियों) द्वारा हस्ताक्षर कर घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही घोषणा को मतगणना कक्ष में स्थापित डिस्पले बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाएगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राउंडवाइज मतगणना परिणाम की उद्घोषणा की जाएगी। राउंडवाइज रिजल्ट शीट भी अभ्यर्थी (उम्मीदवार) और उसके अभिकर्ता (एजेंट) को दी जाएगी और मीडिया को अवगत कराने के लिए प्रत्येक राउंड के परिणाम की प्रति मतगणना परिसर में बनाए गए मीडिया कक्ष को दी जाएगी।
राउंडवाइज मतगणना परिणाम की जानकारी निर्वाचन अधिकारी द्वारा आयोग के काउटिंग साटवेयर पर भी अपलोड की जाएगी। आयोग द्वारा निर्देशित किया गया है कि अगले राउंड की गिनती तब तक प्रारंभ नहीं होगी जब तक पहले राउंड की मतगणना की गिनती समाप्त होकर उसके परिणाम डिस्प्ले पर प्रदर्शित न हो जाएं। उपरोक्त सभी कार्यवाही रिटर्निग अधिकारी द्वारा संपन्न की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



