छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आज कानून से ऊपर कोई नही होने के बयान के तुरंत बाद पुलिस ने उनके पिता नंद कुमार बघेल के खिलाफ रायपुर पुलिस ने सामाजिक द्वेष फैलाने का मुकदमा दर्ज कर लिया। डीडी नगर थाने में ब्राह्मण समुदाय के दो लोगो ने मुख्यमंत्री के पिता नंद कुमार बघेल के खिलाफ उनके ब्राह्मणों के खिलाफ दिए बयान की वायरल हो रहे वीडियो का हवाला देते हुए धारा 153(ए) एवं धारा 505 के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है।
नंद कुमार बघेल पर समुदायों के बीच जानबूझकर सामाजिक द्वेष फैलाने तथा समुदायों के बीच शत्रुता, घृणा एवं वैमनस्य की भावनाएं पैदा करने का आरोप है। दरअसल, सीएम के पिता ने ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक बात कही थी। नंद कुमार बघेल के बयान के बाद से ब्राह्मण समाज आक्रोशित है।
विपक्षी पार्टी बीजेपी लगातार नंद कुमार बघेल के बयान की कड़ी निंदा कर रही है और विरोध प्रदर्शन कर रही है। ब्राम्हण समाज भी खुलकर विरोध कर रहा है। शनिवार को एक रैली में नंद कुमार बघेल के पुतले को घसीटा गया और लात घूसे मारे गए। लोग नंद कुमार बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।
वहीं सीएम बघेल ने सार्वजनिक बयान जारी कर कहा कि उनके पिता नंद कुमार बघेल द्वारा एक वर्ग विशेष के विरूद्ध की गई टिप्पणी से सामाजिक सछ्वाव को ठेस लगी है उनके इस बयान से मुझे भी दु:ख हुआ है। उन्होने कहा कि मुझे सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से यह ज्ञात हुआ कि ये बात कही जा रही है कि मेरे पिता होने के नाते उन पर कार्रवाई नही होंगी। मै स्पष्ट कर देना चाहते है कि कानून से ऊपर कोई नही है। उनकी सरकार सभी को एक ही दृष्टि से देखती है।
उन्होने कहा कि पिता जी से उनके वैचारिक मतभेद शुरू से हैं ये बात सभी को पता है। हमारे राजनीतिक विचार एवं मान्यता भी बिल्कुल अलग अलग हैं। एक पुत्र के रूप में मैं उनका सम्मान करता हूं लेकिन एक मुख्यमंत्री के रूप में उनकी किसी भी ऐसी गलती को माफ नहीं किया जा सकता जो सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने वाली हो। उनकी सरकार में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है फिर चाहे वो मुख्यमंत्री के 86 साल के पिता ही क्यों न हो। उन्होने कहा कि इस सम्बन्ध में पुलिस द्वारा विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



