पुलिस ने ईसाइयों के प्रति नफरत भरा भाषण देने के आरोप में कर्नाटक के मंत्री मुनिरत्ना के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक राजपत्रित अधिकारी की शिकायत पर मुनिरत्ना के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने मंत्री पर लोगों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। बता दें कि मुनिरत्ना ने एक इंटरव्यू में ईसाई धर्म के लोगों पर धर्मांतरण करने का आरोप लगाया था।

मंत्री मुनिरत्ना ने ईसाई पर लगाया धर्मांतरण करने का आरोप
मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की सरकार में बागवानी मंत्री मुनिरत्ना ने 31 मार्च को एक निजी समाचार चैनल से साक्षात्कार में कथित तौर पर कहा था, ईसाई इस समय भी लोगों का धर्मांतरण कर रहे हैं। झुग्गी-बस्तियों में धर्मांतरण के मामले सबसे ज्यादा हैं। जिन जगहों पर 1,400 लोग हैं, वहां 400 लोगों का धर्मांतरण किया गया है। अगर वे (धर्मांतरण के लिए) आते हैं तो उन्हें बाहर निकाल दें या थाने में शिकायत करें।

कई धाराओं में मंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज
राजराजेश्वरीनगर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धाराओं 117 (अपराध करने के लिए उकसाना) और 153ए (विभिन्न समूहों या धर्मों के बीच वैमनस्य को बढ़ावा देना) और लोक प्रतिनिधित्व कानून की धारा 125 (चुनाव के सिलसिले में वर्गों के बीच वैमनस्य को बढ़ावा देना) के तहत मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


Download Android App
Download iOS App



