महाराष्ट्र के जालना जिले के एक गांव में चार पुरुषों ने एक युवा जोड़े को बुरी तरह पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
इस मामले में शुक्रवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। घटना को लेकर राज्य में आक्रोश फैल गया।
वीडियो वायरल होने के बाद महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने पुलिस को इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ”घटना बृहस्पतिवार को हुई। जालना तालुका पुलिस थाना के तहत गोंडेगांव में चार लोगों ने एक युवती और उसके पुरुष साथी की बुरी तरह पिटाई कर दी।”
उन्होंने कहा कि घटना के पीछे की मंशा का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक (जालना) एस चैतन्य ने घटना की पुष्टि की है।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने ट्वीट किया, ”जालना में हुई घटना निंदनीय है। इसका वीडियो वायरल हुआ है। इसे (वीडियो) फैलने से रोकने का निर्देश दिया है। दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने इस ट्वीट में महाराष्ट्र के डीजीपी सुबोध कुमार जायसवाल को भी टैग किया है।


Download Android App
Download iOS App



