केरल के कोच्चि में स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान परिचालन रविवार दोपहर 12 बजे से बहाल हो जाएगा। कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे लिमिटिड के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया, “हवाई अड्डा तैयार है। उड़ानों का परिचालन कल दोपहर 12 बजे से शुरू हो जाएगा। यह समय सीमा से पहले ही तैयार हो गया है।”
इससे पहले, अधिकारी ने बताया था कि हवाई अड्डे के एप्रॉन क्षेत्र (वो क्षेत्र जहां विमान खड़े किए जाते हैं, उनमें ईंधन भरा जाता है और उनमें सामान रखा जाता है) से पानी कम होना शुरू हो गया है और साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि विमानों को निकालने का अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। हवाई अड्डे पर फंसे आठ में से छह विमान रवाना हो गए हैं जबकि दो अन्य विमान कल परिचालन शुरू होने के बाद नियत कार्यक्रम के तहत अपने गंतव्य स्थल के लिए रवाना होंगे।
बता दें कि कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे पर शुक्रवार को बाढ़ की वजह से पानी भर गया था जिसके बाद रविवार तक उड़ानों का परिचालन बंद कर दिया गया था। केरल में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है जिसमें 42 लोगों की मौत हो गई है। इसने पिछले साल अगस्त में आई विनाशकारी बाढ़ की यादों को ताज़ा कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App



