पूर्व भाजपा नेता सुभाष चौहान बीजद में शामिल

Summary :

कुमार मणि सबर व धरमगढ़ के पूर्व विधायक जगराम बेहरा ने अपना इस्तीफा ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निरंजन पटनायक को भेज दिया है। 

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुभाष चौहान बुधवार को ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) में शामिल हो गए। चौहान ने टिकट दिए जाने से इनकार के बाद मंगलवार को भाजपा छोड़ दिया था। चौहान ने बरगढ़ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से टिकट नहीं मिलने के बाद भाजपा को छोड़ दिया। वह बीते 30 सालों से भाजपा से जुड़े थे। वह बीजद अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की मौजूदगी में बीजद में शामिल हुए।

पटनायक ने कहा, ‘चौहान के पार्टी में शामिल होने से राज्य में पार्टी की स्थिति मजबूत होगी, खास तौर से पश्चिमी ओडिशा में।’ उन्होंने कहा, ‘चौहान को पार्टी में अच्छा पद दिया जाएगा।’ चौहान ने कहा कि उन्होंने क्षेत्रीय पार्टी में शामिल होने के लिए कोई शर्त नहीं रखी थी और कहा कि वह इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे।

 भाजपा ने उन्हें राज्य में पार्टी के उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया था, लेकिन उन्होंने प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। भाजपा ने बरगढ़ सीट से सुरेश पुजारी को टिकट दिया है। इस बीच, कालाहांडी से कांग्रेस के तीन पूर्व विधायकों ने बुधवार को कथित तौर पर पार्टी में टिकट वितरण को लेकर भेदभाव के कारण पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। जूनागढ़ के पूर्व विधायक गोवर्धन दास, नरला के पूर्व विधायक कुमार मणि सबर व धरमगढ़ के पूर्व विधायक जगराम बेहरा ने अपना इस्तीफा ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निरंजन पटनायक को भेज दिया है।

Desk Team