भुवनेश्वर : ओडिशा के पूर्व विधायक जोगेश सिंह कांग्रेस से इस्तीफा देने के तीन सप्ताह बाद बुधवार को सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) में औपचारिक रूप से शामिल हो गए। सुंदरगढ़ विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले सिंह मुख्यमंत्री और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हो गए। पूर्व विधायक का स्वागत करते हुए पटनायक ने कहा कि सिंह के पार्टी में शामिल होने से आदिवासी बहुल सुंदरगढ़ में बीजद और मजबूत होगी।
सिंह सत्तारूढ़ बीजद में ऐसे दिन शामिल हुए हैं जब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कालाहांडी जिले के भवानीपटना और सुंदरगढ़ जिले राउरकेला में रैलियों को संबोधित करेंगे। ओडिशा में विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनाव के साथ होंगे। सिंह ने कहा कि वह सुंदरगढ़ के तीव्र विकास और उसके लोगों के कल्याण के लिए नवीन पटनायक के नेतृत्व में पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। सिंह ने 18 जनवरी को ‘नैतिक आधार’ पर कांग्रेस अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेजा था। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस समिति (ओपीसीसी) ने कथित पार्टी विरोधी टिप्पणियां करने के आरोप में उन्हें निलंबित कर दिया था जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया। पार्टी ने सिंह को कांग्रेस से निलंबित कर दिया था।
उन्होंने कई बार सार्वजनिक रूप से बीजद अध्यक्ष और ओडिशा के मुख्यमंत्री पटनायक की प्रशंसा की थी। इसके बाद, उन्होंने 22 जनवरी को ओडिशा विधानसभा के सदस्य के तौर पर इस्तीफा दे दिया था। निलंबन से पहले दो बार के विधायक सिंह ने घोषणा की थी कि वह 25 जनवरी को भुवनेश्वर में राहुल गांधी की बैठक में शामिल नहीं होंगे। सिंह ऐसे समय में बीजद में शामिल हुए जब झारसुगुडा से पूर्व कांग्रेस विधायक नब किशोर दास गत महीने सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हुए थे। ओपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष दास ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।


Download Android App
Download iOS App



