गोवा के पूर्व BJP मंत्री महादेव नाइक AAP में शामिल, कहा-शानदार काम से प्रेरित होकर पार्टी में शामिल हुआ हूं

Summary :

गोवा के पूर्व उद्योग मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दो बार के विधायक महादेव नाइक शुक्रवार को दिल्ली में एक समारोह में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।

गोवा विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद लगाए बैठी आम आदमी पार्टी में शुक्रवार को एक बड़ा चेहरा शामिल हुआ। शिरोडा से साल 2007-2017 के बीच दो बार विधायक रहे और बीजेपी के पूर्व नेता महादेव नाइक आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। वह 2012 से 2017 तक गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की सरकार में समाज कल्याण मंत्री रहे थे। 
आप में शामिल होने वाले पूर्व भाजपा विधायक ऐसे समय में आए हैं जब आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तटीय राज्य में विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस रहे हैं, जो 2022 की शुरूआत में होने वाले हैं। नाइक ने कहा कि आप ने दिल्ली की राजनीति और शासन में बदलाव किया है। मुझे उम्मीद है कि पार्टी गोवा में भी वही बदलाव लाएगी।
वह दिल्ली के ऊर्जा मंत्री और आप विधायक आतिशी मालेर्ना की उपस्थिति में आप में शामिल हुए, जो पार्टी की गोवा प्रभारी हैं। समारोह में गोवा आप के संयोजक राहुल महाम्ब्रे भी मौजूद थे। फिलहाल 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में आप का एक भी विधायक नहीं है।
राहुल महाम्ब्रे ने महादेव नाइक का पार्टी में स्वागत किया और कहा कि कोरोना काल में हमने काफी मदद की थी।देश में पहली बार हुआ कि दो राज्यों की ऊर्जा मंत्रियों की डिबेट हुई। लोगों को पता चला कि दिल्ली वालों को बिजली मुफ्त मिल रही है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि साल 2022 में लोग आम आदमी पार्टी के विकास मॉडल को चुनेंगे।
महादेव नाइक गोवा के नामी नेता होने के अलावा भंडारी समाज के प्रमुख प्रतिनिधि भी हैं। इन्हीं के कार्यकाल में ओबीसी रिजर्वेशन को बढ़ाया गया था। आम आदमी पार्टी का दामन थामने के बाद महादेव नाइक ने कहा, ”जिस तरह दिल्ली में काम हो रहा है, उसी तरह गोवा में भी काम होगा।” उन्होंने दावा किया कि कोरोना काल में आम आदमी पार्टी के संगठन ने बहुत बढ़िया काम किया है। उससे बहुत लोग प्रभावित हुए हैं, जिसमें से एक मैं भी हूं।”


उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि आज गोवा में कांग्रेस युक्त बीजेपी हो गई है। कोई काम नहीं हो रहा है और बेरोजगारी भी लगातार बढ़ रही है। नाइक ने आगे बताया कि समाज कल्याण मंत्री रहते हुए गोवा में ओबीसी के लिए जो 19 फीसदी आरक्षण था, उसे बढ़ाकर मैंने 26 फीसदी कर दिया था। साथ ही नाइक ने अगले विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि आने वाले समय में गोवा में आम आदमी पार्टी की ही सरकार बनेगी और इसमें कोई दो राय नहीं है।

महादेव नाइक के ‘आप’ में शामिल होने के मौके पर दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि गोवा के थर्ड क्लास राजनेताओं ने गोवा का सत्यानाश कर दिया है। वे इस ओवर कॉन्फिडेंस में हैं कि यदि वोट नहीं मिले तो विधायक खरीद लेंगे।अब हम वहां सरकार बनाएंगे लेकिन वे हमारे विधायकों को तोड़ नहीं पाएंगे।

Desk Team