देश के पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के अध्यक्ष एचडी देवेगौड़ा कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। एचडी देवेगौड़ा के कार्यालय के अनुसार उनमें खास लक्षण नहीं पाए गए हैं और उनका स्वास्थ्य ठीक है। देवेगौड़ा के साथ उनकी पत्नी भी कोरोना संक्रमित हो गई हैं। ऐहतियातन उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। देवेगौड़ा ने ट्वीट कर यह जानकारी दी कि वे और उनकी पत्नी चेन्नामा कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने कहा हम दोनों और परिवार के अन्य सदस्य सेल्फ आइसोलेट हो गए हैं। उन्होंने सभी से अपील की है कि हाल के दिनों में जो लोग मेरे संपर्क में आए हैं वो अपना टेस्ट करवा लें। देवेगौड़ा ने कहा, मैं सभी शुभचिंतकों और पार्टी कार्यकतार्ओं से अपील करता हूं कि इस समय बिल्कुल भी न घबराएं।
हाल ही में मेघालय के सीएम भी हुए है संक्रमित
पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा की उम्र 87 साल है। वह 1 जून 1996 से लेकर 21 अप्रैल 1997 तक देश के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। वे किसान नेता के रूप में जाने जाते रहे हैं। देवगौड़ा से पहले भी देश के कई सीनियर राजनीतिज्ञ इस खतरनाक वायरस की चपेट में आ चुके हैं। शुक्रवार को ही मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। उन्होंने एक दिन पहले ही दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के साथ बैठक की थी।
कर्नाटक में तेजी से बढ़ रहे हैं कोविड में मामले
गौरतलब है कि कर्नाटक में भी कोरोना के मामले काफी अधिक हैं। देश में पिछले तीन दिनों से कोरोना वायरस के दैनिक मामले 3 लाख से ज्यादा आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के 3,37,704 नए मामले सामने आए हैं। देश में ओमिक्रॉन के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



