देहरादून : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व प्रांत सह संघ चालक रोशनलाल का गत दिवस शुक्रवार सुबह निधन हो गया था। शनिवार सुबह उनकी अंतिम यात्रा जीएमएस रोड से निकली। सुबह सवा नौ बजे स्वयं सेवकों के अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर तिलक रोड स्थित संघ प्रांत मुख्यालय पर रखा गया। इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने उनके पार्थिव शरीर को कंधा दिया।
अंतिम यात्रा उनके प्रेमनगर स्थित पैतृक गांव पहुंची। जहां शमशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व सह प्रांत संघचालक स्व. रोशन लाल जी के पार्थिव शरीर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने श्रद्धासुमन अर्पित कर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पूर्व सह प्रांत संघ चालक रोशन लाल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा की रोशनलाल जी संघ के एक आदर्श एवं वरिष्ठ स्वयंसेवक तथा पूर्व प्रान्त सह संघचालक रहे।
उनके विषय में एक वृत्तांत है कि अपनी पत्नी के देहांत होने पर भी संघ की गुरु दक्षिणा कार्यक्रम व प्रार्थना करने के पश्चात ही वे अपनी पत्नी का अंतिम संस्कार करने के लिए गए। उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे देहरादून में रोशन लाल की अंतिम विदाई यात्रा में सम्मिलित हुये। उन्होंने कहा की श्रद्धेय रोशन लाल संघ की मजबूती के लिए पूर्ण समर्पित और सदैव तत्पर रहे।


Download Android App
Download iOS App



