तेलंगाना में राज्यपाल द्वारा लौटाए गए चार विधेयक हुए पारित

Summary :

तेलंगाना विधानसभा ने उन चार विधेयक को एक बार फिर पारित कर दिया, जिन्हें राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने लौटा दिया था

तेलंगाना विधानसभा ने उन चार विधेयक को एक बार फिर पारित कर दिया, जिन्हें राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने लौटा दिया था। शुक्रवार को पारित इन विधेयकों में तेलंगाना नगरपालिका कानून (संशोधन) विधेयक-2022, तेलंगाना सार्वजनिक रोजगार (सेवानिवृत्ति की आयु का विनियमन) (संशोधन) विधेयक-2022, तेलंगाना राज्य निजी विश्वविद्यालय (स्थापना एवं विनियमन) (संशोधन) विधेयक-2022 और तेलंगाना पंचायत राज (संशोधन) विधेयक-2023 शामिल हैं।
मंत्रियों द्वारा पुनर्विचार के लिए पेश किया गया
बता दें, इन विधेयकों को संबंधित मंत्रियों द्वारा पुनर्विचार के लिए पेश किया गया जिसके बाद यह बिल पारित किए गए। इससे पहले विधानसभा में हाल की भारी बारिश के प्रभाव और राज्य में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर बहस हुई। 
सत्तारूढ़ बीआरएस के बीच जुबानी जंग
बारिश के प्रभाव पर बहस के दौरान कांग्रेस और सत्तारूढ़ बीआरएस के बीच जुबानी जंग चली। विपक्षी दल ने सरकार की कथित ‘अपर्याप्त’ प्रतिक्रिया के विरोध में वाकआउट किया। राज्य के विधायी मामलों के मंत्री वेमुला प्रशांत रेड्डी ने कहा कि सरकार द्वारा उठाए गए राहत उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वॉकआउट करना चुना क्योंकि सत्ता में रहने के दौरान उसका खराब रिकॉर्ड उजागर हो गए थे। 
 

Desk Team