गुजरात पुलिस ने गणतंत्र दिवस पर अहमदाबाद शहर में सिलसिलेवार बम विस्फोट करने की धमकी देने के आरोप में उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अहमदाबाद पुलिस की अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अहमदाबाद पुलिस आयुक्त कार्यालय को दो दिन पहले मिले एक पत्र के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें सिलसिलेवार बम विस्फोटों की धमकी दी गई थी।
उन्होंने कहा कि पत्र के बाद अहमदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सतर्क हो गयी थी।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ पत्र भेजने वाले ने बृहस्पतिवार को गणतंत्र दिवस पर अहमदाबाद में रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर बम विस्फोट करने की धमकी दी। जांच के बाद चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। ’’
इस मामले में तीन लोगों को अहमदाबाद से हिरासत में लिया गया था, वहीं ओमप्रकाश नाम के चौथे व्यक्ति को उत्तर प्रदेश पुलिस ने बलिया जिले से पकड़ा था।


Download Android App
Download iOS App



