महाराष्ट्र के पालघर में वाट्सएप स्टेटस को लेकर हुए विवाद में एक महिला की पीट-पीट कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। 48 वर्षीय मृतक महिला की बेटी की सहेली के परिवार के सदस्यों ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गयी।
दरअसल, मृतक महिला की 20 वर्षीय बेटी ने व्हाट्सऐप स्टेटस लगाया था, जो उसकी सहेली को लगा कि उसके लिए लिखा गया है और वह इससे नाराज हो गयी। सहेली की मां और भाई-बहन शिवाजी नगर में लीलावती देवी प्रसाद के घर गए और उसकी तथा उसके परिवार के अन्य सदस्यों की कथित तौर पर पिटायी की।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत पर पुलिस ने दोस्त की मां और परिवार के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया तथा उन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 15 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।पिटाई में लीलावती देवी को गंभीर चोटें आयीं और उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अगले दिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मृतका की बेटी ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि उसका व्हाट्सऐप पोस्ट उसकी सहेली के लिए नहीं था।


Download Android App
Download iOS App



