मुंबई से कथित तौर पर अपहृत कर पश्चिम बंगाल में देह व्यापार में धकेल दी गई 17 वर्षीय लड़की को मुबंई पुलिस ने मुक्त कराया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शहर की धारावी पुलिस ने अपराध में कथित संलिप्तता के लिए बिहार के चंपारण निवासी कुणाल पांडे (30) और सिकंदर शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलात्कार तथा बच्चों का यौन अपराधों से संरक्षण कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हाइलाइट्स
- मुबंई पुलिस ने सुलझाया वेश्यावृती का मामला
- मामले में दो युवक गिरफ्तार
- बलात्कार और यौन अपराध से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज
सितंबर में लापता हुई थी लड़की
अधिकारी ने बताया कि लड़की सितंबर माह में धारावी स्थित अपने आवास से लापता हो गई थी। लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था। लड़की के पश्चिम बंगाल के पांजीपाड़ा में होने की जानकारी मिलने के बाद धारावी पुलिस वहां गई और देह व्यापार में धकेल दी गई लड़की को मुक्त कराया। लड़की को मुक्त कराने के साथ ही धारावी पुलिस ने 2023 में लापता हुए सभी बच्चों के मामले सुलझा लिए और 35 लड़कियों को उनके परिवार को सौंपा।
पटना जा रही लड़की को परिवार से मिलाया
एक अन्य मामले में, अपना घर छोड़कर ट्रेन से पटना जा रही 14 वर्षीय एक लड़की को पुलिस ने रोका और उसके माता पिता के सुपुर्द कर दिया। बृहस्पतिवार को लड़की के अपरहण की शिकायत पुलिस में दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और पाया कि लड़की लोकमान्य तिलक टर्मिनस से पटना जाने वाली ट्रेन में चढ़ी। मुंबई पुलिस ने औरंगाबाद की राजकीय रेलवे पुलिस को सतर्क किया और लड़की को रावेर रेलवे स्टेशन पर हिरासत में लेने के बाद उसके शहर वापस लाया गया।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




